तीसा में बनेगा 11 करोड़ का हाईटेक मिनी सचिवालय, एक ही छत के नीचे मिलेंगी सरकारी सेवाएं
पवन भारद्वाज चंबा
चुराह क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। उपमंडल मुख्यालय तीसा में लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक मिनी सचिवालय का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसके बनने से विभिन्न सरकारी कार्यालय एक ही भवन में संचालित होंगे, जिससे लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
तीन मंजिला इस आधुनिक भवन में प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों के साथ-साथ सुविधा केंद्र, वेटिंग रूम, कैंटीन, विशाल मीटिंग हॉल, कॉन्फ्रेंस हॉल और पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी। आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिव्यांगजनों के लिए रैंप, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, आधुनिक विद्युत कक्ष और स्टोर रूम का भी प्रावधान किया गया है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि सभी विभागों के एक ही परिसर में आने से प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित होगा और जनता की समस्याओं का समाधान पहले की तुलना में अधिक तेजी से हो सकेगा। यह परियोजना चुराह क्षेत्र के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ विकास को भी नई गति देगी।
लोक निर्माण विभाग मंडल तीसा के कार्यकारी अभियंता जोगेन्द्र शर्मा ने बताया कि निर्माण कार्य ठेकेदार को सौंप दिया गया है और काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। विभाग का लक्ष्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करना है।








