आंगनवाड़ी को एन टी टी की भर्ती से बाहर करने का यूनियन ने किया विरोध!
सरकार के फ़ैसले के ख़िलाफ़ संघर्ष छेड़ने के लिए 25 को शिमला बुलाई बैठक!!
BHK NEWS HIMACHAL
आंगनबाड़ी वर्करज़ एवं हैल्परज़ यूनियन सम्बन्धित सीटू ज़िला कमेटी मंडी ने हिमाचल प्रदेश में प्री प्राइमरी टीचर भर्ती से आंगनबाड़ी कर्मियों को बाहर करने के प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल के निर्णय का कड़ा विरोध किया है। यूनियन ने इसके खिलाफ आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। यूनियन आंदोलन की रणनीति बनाने के लिए राज्य कमेटी की आपात बैठक 25 सितम्बर को शिमला में बुलाई है यही नहीं 1,2 अक्टूबर को मंडी में हो रहे सीटू के राज्य सम्मेलन में भी इस बारे विशेष चर्चा होगी।
यूनियन की ज़िला प्रधान हमिन्द्री शर्मा महासचिव सुमित्रा ठाकुर, बिमला शर्मा,सरोज, सुदर्शना, सोनिका, नागो देवी, तमन्ना, यशोदा, क्षमा, गोदावरी, सरला,रानी, रजनी आदि ने प्री प्राइमरी नियुक्तियों से आंगनबाड़ी कर्मियों को बाहर करने के प्रदेश सरकार के निर्णय के खिलाफ जोरदार विरोध किया है व प्रदेश की जयराम सरकार को आंगनबाड़ी व आईसीडीएस विरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा है कि यूनियन इसके खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी व सरकार के आंगनबाड़ी विरोधी चेहरे को जनता में बेनकाब करेगी। उन्होंने मांग की है कि सरकार अपने फैसले को वापिस ले व आंगनबाड़ी कर्मियों को प्री प्राइमरी में सौ प्रतिशत नियुक्ति दे। उन्होंने कहा कि प्री प्राइमरी कक्षाओं को पढ़ाने का जिम्मा केवल आंगनबाड़ी कर्मियों को दिया जाए क्योंकि ये प्रशिक्षित कर्मी हैं। ये कर्मी पहले ही अर्ली चाइल्डहुड केअर एंड एजुकेशन(ईसीसीई) के तहत 6 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को शिक्षा दे रही हैं इसलिये नई शिक्षा नीति के तहत इन्हीं प्रशिक्षित कर्मियों को प्री प्राइमरी में नियुक्ति दी जाए। उन्होंने हैरानी व्यक्त की है कि पिछले दो वर्षों से प्रदेश सरकार आंगनबाड़ी कर्मियों को प्री प्राइमरी में नियुक्ति की बात करती रही है व अब अपनी ही राय से यू टर्न ले रही है। उन्होंने कहा कि बजट सत्र के दौरान प्रदेश सरकार ने प्री प्राइमरी में आंगनबाड़ी कर्मियों को 30 प्रतिशत कोटा देने की बात की थी जिस से अब सरकार मुकर रही है। उन्होंने सरकार के इस कदम को आंगनबाड़ी कर्मी विरोधी करार दिया है। उन्होंने प्रदेश सरकार को चेताया है कि अगर उसने आंगनबाड़ी कर्मियों को प्री प्राइमरी में नियुक्ति न दी तो आंदोलन तेज होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें